September 11, 2026

*29 स्थानों से मनोहारी झांकियों के साथ आईं शोभा यात्राएं, राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने उतारी झांकियों की आरती*

रविन्द्र कुमार, संपादक /पटना/26 फरवरी 2025 :: महाशिवरात्रि के अवसर पर बुधवार को श्रद्धा-भक्ति और आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। भोले बाबा की बारात में आम और खास की दूरियां मिट गईं। हर हर महादेव की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। अवसर था श्री श्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के तत्वावधान में खाजपुरा शिव मंदिर के पास आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव का।

 

देर शाम शहर के 29 स्थानों से निकलीं शोभा यात्राएं बारी-बारी से समारोह स्थल के पास पहुंचीं। सूबे के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंगल पांडेय, नितिन नवीन, संजय सरावगी, सांसद संजय जायसवाल, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा, समिति के संयोजक सह विधायक डॉ. संजीव चौरसिया व अन्य विशिष्ट अतिथियों ने आरती उतारकर मनोहारी झांकियों का अभिनंदन किया। पूरे आयोजन के दौरान शिवभक्तों का उत्साह देखते बन रहा था।

* ललाट पर त्रिपुंड का तिलक और सिर पर कलश

इससे पहले शहर के अलग-अलग स्थानों से गाजे-बाजे के साथ विभिन्न स्वरूपों में झांकियों के साथ शोभा यात्राएं निकलीं। इनमें महिलाओं-युवाओं की अच्छी-ख़ासी भागीदारी रही। ललाट पर त्रिपुंड का तिलक और सिर पर कलश लिए महिलाएं, गले में भगवा पट्टा लगाए युवक महादेव के जयकारे लगा रहे थे। कानपुर, लखनऊ, धनबाद, हजारीबाग से आई झांकियों में शिव-पार्वती विवाह, भूत-पिशाचों की बारात और महाकुंभ में महादेव की प्रतिकृति को दर्शाया गया था।

See also  अयोध्या में पहली बार 'रामलला की मौजूदगी' में होंगे दीपोत्सव , रामनगरी अयोध्या में दिखेगा अध्यात्म, परंपरा व संस्कृति का संगम

* ब्रह्मकुमारी की शोभा यात्रा सबसे पहले पहुंची, सीएम ने उतारी आरती

सबसे पहले शेखपुरा से प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शोभा यात्रा पहुंची। उस समय मुख्यमंत्री मंच पर ही मौजूद थे। उन्होंने झांकी की आरती उतारी और यात्रा में आए लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। ब्रह्मकुमारी जीवंत झांकी में कैलाश पर्वत पर शिवलिंग का ध्यान करते महादेव दिखे जिनकी जटा से जल का अविरल प्रवाह हो रहा था। बाद में राज्यपाल ने भी झांकियों की आरती उतारी।

* शोभा यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं पर की गई पुष्प वर्षा

शोभा यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। शिव बारात में शामिल होने और पुनीत अवसर का साक्षी बनने के लिए लोगों में जबर्दस्त उमंग दिख रहा था। शाम 5 बजे से शोभा यात्राओं के आने का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा। शोभा यात्राओं का स्वागत सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया कर रहे थे। अभिनंदन के बाद शोभा यात्रा समितियों को मोमेंटो, मेडल व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद भी बांटे गए। पूरे कार्यक्रम का सोशल मीडिया साइट्स पर सीधा प्रसारण किया गया। आमजन की सुविधा के लिए समारोह स्थल के पास 6 एलईडी स्क्रीनें भी लगाई गईं थीं।

* मंत्रोच्चार के साथ गंगा आरती से लोग भावविभोर

समारोह स्थल पर तीन मंच बने थे। 60 फीट लंबे मुख्य मंच पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री, धर्माचार्य व अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद थे। दूसरे मंच पर कलाकारों की टोली मंत्रोच्चार के साथ गंगा आरती कर रही थी। भव्य आरती देख लोग भावविभोर नजर आए। तीसरे मंच पर गणेश वंदना से भजन संध्या की शुरुआत हुई।

See also  अंतर्राष्ट्रीय इस्सयोग समाज द्वारा कन्वेंशन सेंटर, राजगीर में आयोजित हुआ 'महाशिवरात्रि-महोत्सव'

कलाकारों ने शिव महिमा से जुड़े गीतों की प्रस्तुति की। इस दौरान लोग भी भक्ति रस की गंगा में बहते रहे। तांडव नृत्य ने तो भक्तों का मन ही मोह लिया। जैसे-जैसे शाम ढलती गई, बेली रोड पर श्रद्धालुओं का रेला लग गया। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस-प्रशासन की टीम को ख़ासी मशक्कत करनी पड़ी। वैसे उनकी सहायता के लिए एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड पूरे समय मुस्तैद रहे।

* शिव के ठिकाने पर जाने को आतुर दिखे महादेव के दीवाने

खाजपुरा शिव मंदिर में सुबह चार बजे से ही भोले बाबा की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। 5 बजे मंदिर का पट खुलने के बाद पुरुष व महिला श्रद्धालुओं ने अलग-अलग कतार में जलार्पण किया। शाम 6 बजे मंदिर के पट बंद कर दिये गए। रात 9 बजे तक साफ-सफाई के बाद शृंगार, रुद्राभिषेक और शिव-पार्वती विवाह की तैयारी शुरू हुई जो देर रात तक चलती रही। यहां मंदिर के गर्भ गृह में शिवलिंग स्थापित है। 

* महोत्सव में ये भी रहे मौजूद

समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, नागेंद्र जी, दिल मणि देवी, उषा विद्यार्थी, जगन्नाथ ठाकुर, अरविंद शर्मा, अभिनंदन समिति के सदस्य प्रभात कुमार सिन्हा, विवेक सिन्हा, जयप्रकाश पुनील, पंकज कुमार, गणेश कुमार, अविनाश, प्रवीण, कुणाल, करण, रंजीत भी उपस्थित रहे। समिति के संयोजक डॉ. संजीव चौरसिया ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत सभी अतिथियों का मोमेंटो देकर स्वागत किया।

#महाशिवरात्रिमहोत्सव #खाजपुराशिवमंदिर #आरिफमोहम्मदखां #नीतीशकुमार, #गंगाप्रसाद, #सम्राटचौधरी, #अवधेशनारायणसिंह, #दिलीपजायसवाल, #विजयकुमारचौधरी, #मंगलपांडेय, #नितिननवीन, #संजयसरावगी, #संजयजायसवाल, #मनीषवर्मा,#डॉसंजीवचौरसिया #प्रजापिताब्रह्मकुमारीईश्वरीयविश्वविद्यालय

Author Profile

रविन्द्र कुमार
रविन्द्र कुमार
प्रधान सम्पादक -(www.biharnews18.in)
मो .9304238302
Latest entries
See also  'सुदर्शन चक्र भाग 2' का प्रीमियर देख कर अभिभूत हुए दर्शक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *