April 18, 2026

*एक करोड़ नौकरियां, एक करोड़ ‘लखपति दीदी’, एमएसपी गारंटी और ‘न्यू पटना’ का सपना, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा,कला, बिहार को संस्कृति और सिनेमा का हब बनाने का संकल्प,सीतामढ़ी को ‘सीतापुरम’ के रूप में वैश्विक धाम बनाने की योजना*

** रविंद्र कुमार संपादक/पटना, 31 अक्टूबर 2025** :: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए ने अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है, जो समाज के हर तबके को लुभाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। एनडीए के ‘संकल्प पत्र’ मे महागठबंधन के ‘तेजस्वी प्रण’ (घोषणापत्र) में विपक्ष की योजनाओं की काट साफ दिख रही है। एनडीए ने वादा किया है कि राज्य में 1 करोड़ से ज्यादा नौकरियां और रोजगार सृजित किए जाएंगे, साथ ही 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों के लिए हर फसल पर एमएसपी की गारंटी और कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का ऐलान भी प्रमुखता से किया गया।

संकल्प पत्र जारी करने के मौके पर केंद्रीय मंत्री व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री व हम(S) नेता जीतन राम मांझी, लोजपा(रा) प्रमुख चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के अन्य नेता मौजूद रहे।

जे पी नड्डा ने कहा, “यह संकल्प पत्र बिहार को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने का रोडमैप है। हम हर वर्ग—महिलाएं, युवा, किसान, पिछड़े और व्यापारी—की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे।”

**शहरी विकास का नया चेहरा : ‘न्यू पटना’ और सीता की जन्माष्टमी सीतामढ़ी को ‘सीतापुरम’ के रूप में वैश्विक धाम बनाने की योजना**

एनडीए के घोषणापत्र में बिहार के शहरी परिदृश्य को बदलने पर खास जोर दिया गया है। पटना को ‘न्यू पटना’ के रूप में विकसित करने के लिए ग्रीनफील्ड शहर बनाने का वादा किया गया, जिसमें प्रमुख शहरों के आसपास सैटेलाइट टाउनशिप बसाए जाएंगे। इससे राज्य की आर्थिक शक्ल पूरी तरह बदल सकती है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मां जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी को ‘सीतापुरम’ के रूप में विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी बनाने की योजना है।

See also  नीतीश कुमार ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को दी सलामी

**परिवहन क्षेत्र में भी बड़े कदम**

पटना के निकट ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, साथ ही दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट विकसित होंगे। इसके अलावा, 10 नए शहरों से घरेलू उड़ानों की शुरुआत का लक्ष्य रखा गया है। सड़क नेटवर्क मजबूत करने के लिए सात एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे, जबकि चार नए शहरों—पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और दरभंगा—में मेट्रो रेल परियोजना शुरू होगी।

**किसानों पर फोकस : एमएसपी की कानूनी गारंटी**

किसानों को राहत देने के लिए केंद्र की ‘प्रधानमंत्री सम्मान निधि’ योजना को बिहार में ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि’ के रूप में लागू किया जाएगा। इसके तहत प्रति वर्ष 6,000 रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसमें केंद्र सरकार 3,000 रुपये का योगदान देगी। घोषणापत्र में हर फसल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी का वादा भी शामिल है, जो किसान संगठनों के लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा।

** महिलाओं पर फोकस : एक करोड़ लखपति दीदी बनाने की योजना**

महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए 1 करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के जरिए ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य है। युवाओं के लिए 1 करोड़ सरकारी नौकरियां और रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। हर जिले में औद्योगिक पार्क स्थापित करने की योजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा। शिक्षा के क्षेत्र में गरीब परिवारों के बच्चों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा का वादा किया गया, साथ ही एजुकेशन सिटी का निर्माण होगा।

**संस्कृति और मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा बिहार**

एनडीए ने बिहार को कला, संस्कृति और सिनेमा का हब बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए फिल्म सिटी की स्थापना, शारदा सिन्हा कला एवं सांस्कृतिक विश्वविद्यालय का गठन, और बिहार स्कूल ऑफ ड्रामा, फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान शुरू करने की योजना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “यह घोषणापत्र बिहार की प्रगति की गारंटी है। हमने विपक्ष के वादों से आगे सोचा है, ताकि बिहार देश का सबसे समृद्ध राज्य बने।”

See also  *अति पिछड़ा वर्ग के लोहार, कुम्हार, नाई,बढई,माली समाज के सैकड़ो लोगों ने राजद की सदस्यता ग्रहण की*

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एनडीए का यह संकल्प पत्र महागठबंधन को कड़ी चुनौती देगा, खासकर नौकरी, एमएसपी और शहरी विकास जैसे मुद्दों पर। चुनावी जंग अब और रोचक हो गई है।

#बिहार_चुनाव_2025 #एनडीए_संकल्प_पत्र #नीतीश_कुमार #जेपी_नड्डा #एमएसपी_गारंटी #न्यू_पटना #लखपति_दीदी #बिहार_विकास #किसान_सम्मान_निधि #फिल्म_सिटी_बिहार

Author Profile

रविन्द्र कुमार
रविन्द्र कुमार
प्रधान सम्पादक -(www.biharnews18.in)
मो .9304238302

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *